खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सर्वोदय इण्टर कॉलेज खुदौली में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत सोमवार को जागरूकता रैली का आयोजन हुआ जिसका शुभारंभ प्रधानाचार्य दिनेश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में तालीम के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना रहा। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने जोश और उत्साह के साथ विभिन्न स्लोगन और नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, उन्नत देश बनाएंगे, हम बच्चों का नारा है, शिक्षा का अधिकार हमारा है, पापा सुन लो विनय हमारी, पढ़ने की है उम्र हमारी और हर घर में चिराग जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा जैसे नारों से पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक माहौल बन गया।
इस अवसर पर शिक्षकगण राजेश यादव, विनोद मिश्रा, अनुराग यादव, राजधानी जी, अनिल सिंह, मनोज सिंह, आलोक श्रीवास्तव सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई।
अंत में प्रबंधक अनिल उपाध्याय ने रैली के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया। साथ ही आशा जताई कि यह अभियान एक जनआंदोलन का रूप लेगा और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।
शिक्षा को बताया समाज के विकास की बुनियाद
प्रधानाचार्य दिनेश गुप्ता ने कहा कि तालीम ही समाज के समग्र विकास की बुनियाद है। प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक और वैधानिक दायित्व है। अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनका मुस्तकबिल उज्ज्वल बन सके।
गांव-गांव तक पहुंचा शिक्षा का संदेश
यह रैली विभिन्न गाँवों और मार्गों से होकर गुजरी जहां विद्यार्थियों ने लोगों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और बच्चों के उत्साह को प्रोत्साहित किया। रैली का समापन पुनः विद्यालय परिसर में किया गया।
.jpg)











