डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में बुधवार दोपहर भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चिलबिली निवासी तेज बहादुर (40) भवानीपुर गांव में विशाल सिंह के यहां मजदूरी का कार्य कर रहा था। बताया जाता है कि दोपहर के समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे चक्कर आने लगा। हालत गंभीर होने पर आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया लू लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
.jpg)










