- खुदौली गांव में लाठी-डंडे चले, पुलिस ने पहुंचकर कराया मामला शांत
मो. अरशद
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के खुदौली गांव में सोमवार को खेत की जुताई के दौरान मेड़ काटने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया और घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी भिजवाया।
बताया जाता है कि गांव निवासी राजेश सिंह का खेत सुरेंद्र गौतम के मकान के पास स्थित है। सोमवार को राजेश सिंह का पुत्र खेत की जुताई करा रहा था। इसी दौरान खेत की मेड़ कटने को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। दोनों पक्षों में शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में उग्र विवाद में तब्दील हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट में एक पक्ष से राजेश सिंह (55), अभिषेक सिंह (35), अजय सिंह (58) और छोटू सिंह (30) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से सुरेंद्र गौतम (50), सचिन (26) और विकास (22) को चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना को लेकर गांव में देर तक तनाव का माहौल बना रहा। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)









