- तेज रफ्तार ट्रेलर से बचने में हादसा, सड़क किनारे पलटी गाड़ी
मो. अरशद
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के गुरैनी मदरसा गेट के पास सोमवार की भोर आयुर्वेदिक दवाइयों से लदी एक डीसीएम सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ा नुकसान होने से टल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए राहत कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार वाराणसी से आयुर्वेदिक दवाइयां लेकर एक डीसीएम वाहन गोसाईंगंज जा रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जैसे ही वाहन गुरैनी मदरसा गेट के पास पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर से साइड लग गई। अचानक हुए घटनाक्रम से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डीसीएम सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक आशीष कुमार ने बताया कि ट्रेलर चालक की लापरवाही के चलते दुर्घटना हुई। उसने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। चालक को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलने पर ट्रैफिक एसआई राजेश सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया। साथ ही डीसीएम में लदी आयुर्वेदिक दवाओं को सुरक्षित दूसरी गाड़ी से भेजने की व्यवस्था शुरू कराई गई।
.jpg)









