विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से किया गया लैस, कॉन्वेंट स्कूलों को दे रहा टक्कर: डा. सत्य प्रकाश
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। नगर के टीडी इण्टर कॉलेज में नए सत्र से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू कर दी गई है। यह इंग्लिश मीडियम में शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले गरीब एवं मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। कॉलेज प्रशासन का दावा है कि विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए इसे कॉन्वेंट स्कूलों के स्तर का बनाया गया है। उक्त जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानाचार्य डॉ. सत्यप्रकाश सिंह ने दी।
उन्होंने आगे बताया कि विद्यालय में योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की गई है जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण करने के बाद अपनी सेवाएं प्राप्त की हैं। विद्यालय में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और मॉनिटर लगाए गए हैं। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालय में कक्षा 6 से 9 और कक्षा 11 में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई का सफल संचालन शुरू हो गया है। प्रतिदिन प्रार्थना सभा में गायत्री मंत्र, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और प्रेरक प्रसंग शामिल किए जाते हैं। मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का भी आयोजन होता है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इन सभी प्रयासों का उद्देश्य छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
श्री सिंह ने बताया कि विद्यालय को आधुनिक और छात्र हितैषी बनाने के लिये लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बालिका भवन में छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुरुष सुरक्षा गार्ड की दिवाकालीन शिफ्ट में नियुक्ति की गई है। साथ ही डीलक्स शौचालय, इंटरलॉकिंग, हरे-भरे लॉन, 15 केवी जनरेटर, सबमर्सिबल पंप और आरओ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हाई मास्क लाइट भी लगाई गई है। छात्राओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। खेल गतिविधियों के तहत स्केटिंग, बॉक्सिंग और मल्लखंभ के लिए कोर्ट और प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है। कक्षाओं में पंखों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्य भवन में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत छात्रों को गुणवत्तापूर्ण निशुल्क भोजन दिया जा रहा है। मुख्य द्वार पर ग्लो-शाइन बोर्ड और बाउंड्रीवाल पर शैक्षिक पेंटिंग कराई गई है। संस्थापक स्थल पर मंदिर निर्माण और पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की गई है। प्रधानाचार्य कक्ष, प्रयोगशाला, तालाब, पोर्टिको, वाटर कूलर और सभागार का विकास किया गया है। साथ ही कंप्यूटर कक्ष, स्टाफ रूम, जीव विज्ञान विभाग और पुस्तकालय को भी सुदृढ़ किया गया है।
.jpg)











