Jaunpur News: डीएम के निरीक्षण के साथ तीन दिवसीय परीक्षा सकुशल सम्पन्न

Aap Ki Ummid
follow us



जौनपुर। जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के तीसरे और अंतिम दिन द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान टीडी कॉलेज परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने गर्मी के दृष्टिगत परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त गुड़ और पेयजल की व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता एवं परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल और गुड़ उपलब्ध रहे। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य को गुड़ भेंट किया तथा इसका परीक्षार्थियों में वितरण कराने के निर्देश दिये गये।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में गर्मी के दृष्टिगत सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई जिससे किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा केंद्रों के अंदर गुड़ और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए भी गुड़ और पेयजल की व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

यह परीक्षा तीन दिवसों में 25, 26 तथा 27 अप्रैल को प्रति दिवस दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10 से मध्याह्न 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 से 5 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने हेतु 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक, 06 जोनल मजिस्ट्रेट तथा लगभग 750 कक्ष निरीक्षक नामित किए गए थे।

परीक्षा के अंतिम दिन प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान 8400 में 6399 परीक्षार्थी तथा द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान 8400 में 6500 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। तीनों दिन की परीक्षा के दौरान 50400 परीक्षार्थियों में 38774 यानी लगभग 76.93 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। तीनों दिन के परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्वयं भी तथा नामित अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सतत भ्रमणशील रहते हुए निगरानी की गई।

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!