चौपाल में खण्ड विकास अधिकारी बक्शा के खिलाफ निन्दा प्रस्ताव पारित
अजय पाण्डेय
जौनपुर। ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति जौनपुर के बैनर तले शनिवार को विकास भवन परिसर में क्षेत्रीय कर्मचारी समस्या सुनवाई चौपाल दिवस का आयोजन हुआ। जनपद में प्रथम बार आयोजित कर्मचारी चौपाल में समस्त विकास खण्डों के क्षेत्रीय ग्राम सचिवों एवं सहायक विकास अधिकारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करके शासन—प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही विसंगतियों एवं व्यक्तिगत विभागीय समस्याओं को मुखर रूप से उठाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष डॉ0 प्रदीप सिंह एवं ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ0 फूलचन्द कनौजिया ने संयुक्त रूप से किया। क्षेत्रीय कर्मचारी चौपाल में सर्वप्रथम विभिन्न विकास खण्डों से आये हुये ग्राम सचिवों एवं सहायक विकास अधिकारियों ने वर्तमान में उनसे कराये जा रहे गैर विभागीय कार्यों का निर्धारण न्यूनतम करते हुए समस्त जिम्मेदारियों हेतु सिर्फ ग्राम सचिव को उत्तरदायी ठहराने की बढ़ती प्रवृत्ति आदि पर गहरी चिन्ता व्यक्त की गयी। साथ ही ग्राम पंचायतों में आ रही विभिन्न समस्याओं एवं सेवा सम्बन्धी प्रकरणों पर लिखित एवं मौखिक रूप से उनके निराकरण हेतु उपस्थित पदाधिकारियों को अपना प्रत्यावेदन दिया गया।
उपस्थित सदस्यों ने बताया कि त्यौहार, रविवार जैसे अवकाश के दिनों में भी उनसे कार्य कराया जा रहा है जो उनके मौलिक अधिकारों का हनन है। अधिकांश कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति वर्षो से लम्बित है जबकि ए0सी0पी0, एरियर और वेतन वृद्धि बिना किसी स्पष्ट कारण के रोकी जा रही है जिससे हम सभी मानसिक तनाव, अवसाद एवं विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे है। बैठक में मनरेगा एवं एस0एल0डब्लू0एम0 की योजनाओं में शासनादेश के विपरीत कार्य कराये जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वि0ख0 बक्शा के खण्ड विकास अधिकारी शुभम बरनवाल द्वारा ग्राम सचिव से बैठक में दुर्व्यवहार करने की सूचना सदन में दिये जाने पर उनके विरूद्ध सदन में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे डा. प्रदीप सिंह ने कहा कि जब संगठन मौन हो जाता है तब शासन—प्रशासन मनमानी पर उतर आता है। क्षेत्रीय कर्मचारियों का उत्पीड़न अब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। डा. फूलचन्द कनौजिया ने कहा कि यह आयोजन केवल समस्याओं को गिनाने का मंच नहीं है, बल्कि कर्मचारियों के सामूहिक संकल्प शक्ति का प्रतीक है।
चौपाल में अशोक मौर्य, विजयभान यादव, दुर्गेश तिवारी, रणजीत सिंह, कृष्ण कुमार मिश्र, विजय द्विवेदी, सरिता पाल, संतोष दूबे, लक्ष्मीचन्द, डॉ0 रामकृष्ण यादव, रामजी सिंह, धनन्जय सिंह, आनन्द मिश्रा, धर्मेन्द्र राय, उमेश सोनकर, देवेन्द्र सिंह, साजिद अंसारी, राजेश यादव, रत्नेश सोनकर, राधेश्याम यादव, नागेन्द्र यादव, दिनेश राजभर, राजकुमार पाण्डेय, विश्राम बिन्द, विपिन राय, विनीत सिंह, आलोक सिंह, अनूप दीक्षित, प्रवीण सिंह, हरिहर लाल, महेश तिवारी, सीमा यादव, शिवानी श्रीवास्तव, अजय मिश्र, अमित सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री विजयभान यादव ने किया।
.jpg)











