जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई जहां परीक्षा के सम्बन्ध में कार्यशाला आयोजित करके परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
लिखित परीक्षा 25 अप्रैल, 26 अप्रैल एवं 27 अप्रैल को प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न होगी। जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिन पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रति पाली में 8400 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है जिससे परीक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों, सहायक केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा सहायकों की भी नियुक्ति कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। बैठक के दौरान गोपनीय सामग्री के परिवहन आदि के संबंध में सावधानियां, बायोमेट्रिक विधि, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, विभिन्न प्रपत्र इत्यादि के संबंध में जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें तथा परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों से यह सुनिश्चित कर लेंगे कि दी गई ओएमआर तथा प्रश्नपत्र का क्रमांक एक ही हो। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य उपस्थित रहे।
.jpg)










