10 हजार से अधिक गणनाकर्मी होंगे प्रशिक्षित
जौनपुर। भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य हेतु प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से जनपद में प्रारंभ हो गया।
इस मौके पर तहसील शाहगंज स्थित सेंट थॉमस इंटर कॉलेज में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.)/जिला जनगणना अधिकारी परमानंद झा, तहसील बदलापुर में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट तथा नगर पंचायत मछलीशहर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं को जनगणना के महत्व, उसकी उपयोगिता एवं कार्य की संवेदनशीलता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए दायित्वों के प्रति सजग एवं उत्तरदायी रहने का आह्वान किया।
जनपद में 16 अप्रैल से 6 मई तक कुल 216 बैचों में 10,000 से अधिक गणनाकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिससे जनगणना कार्य को सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जा सके। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक संपन्न कराया जाएगा। इसके पूर्व नागरिकों को 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी जिससे वे स्वयं अपने विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना कार्य में पारदर्शिता, सटीकता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
.jpg)











