राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के भदैला गांव के पास आजमगढ़ सीमा के निकट तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 102 एंबुलेंस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज पहुंचाया जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपेश कुमार (24) पुत्र रमेश राम निवासी बिलारमऊ थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ अपने ननिहाल फूलेश से वापस खेतासराय की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान भदैला गांव के पास सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के निकट बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण वह अनियंत्रित हो गए और दूर जाकर गिर पड़े। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गये।
घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य केंद्र सोंधी से डायल 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक रंजीत यादव और ईएमटी हरेंद्र कुमार ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज पहुंचाया जहां समाचार लिखे जाने तक उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
.jpg)






