राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के अब्बोपुर गांव में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर नकदी और आभूषण पार कर दिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सुभाष बिन्द पुत्र स्वर्गीय मिट्ठू बिन्दके घर को चोरों ने निशाना बनाया। शनिवार देर रात चोर घर के पीछे से दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए। उस समय परिवार के लोग घर के बरामदे में सो रहे थे जिससे उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
चोरों ने घर में रखे बक्से को खंगालते हुए करीब 33 हजार रुपये नकद, चार चांदी की अंगूठियां, दो पाजेब, एक मंगलसूत्र, एक लॉकेट तथा कान के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के बाद चोर बक्सा उठाकर घर से बाहर ले गए और पास के खेत में ले जाकर उसका ताला तोड़कर सामान निकाल लिया।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर के पीछे सेंध कटी देख उनके होश उड़ गए। आस—पास खोजबीन करने पर बगल के खेत में टूटा हुआ बक्सा बरामद हुआ। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग किया है।
.jpg)








