बच्चों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
अतुल राय
जलालपुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में स्थित जंगी पीजी कॉलेज असबरनपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा प्राथमिक विद्यालय असबरनपुर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह शिविर 18 से 24 मार्च तक चला। शिविर स्थल प्राथमिक विद्यालय असबरनपुर विकास खंड जलालपुर था।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अवध नाथ पाल रहे एवं विशिष्ट अतिथि मो. इमरान एवं छेदी लाल सरोज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मीता राम पाल ने किया। कार्यक्रम अधिकारी की भूमिका डॉ. सुबेदार वर्मा ने निभाई।
इस दौरान शिविरार्थियों के साथ प्राथमिक विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्र—मुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि डॉ. अवधनाथ पाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही प्राथमिक विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मेडल देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि डॉ. अवध नाथ पाल, विशिष्ट अतिथि मो. इमरान, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुबेदार वर्मा तथा प्रेम प्रकाश यादव ने अपने संबोधन में बच्चों की अनुशासनबद्धता, प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा किया। साथ ही कहा कि ऐसे शिविर छात्रों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों को भी मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया गया।
समारोह का पूरा माहौल उत्साह, प्रेरणा और सम्मान से भरा रहा। उपस्थित जनों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे उपयोगी शिविरों के निरंतर आयोजन की मांग किया। इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र मौर्य, रविकेश मौर्य, दिलीप सरोज, प्रेम प्रकाश यादव, नीलम यादव, अर्चना यादव, धनशीला यादव, रोशनी प्रजापति, सत्येंद्र कुमार सहित सैकड़ों शिविरार्थी, स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश यादव ने किया।
.jpg)







