बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ के नारे को ध्यान में रखकर बढ़ना चाहिये आगे: राजिता
बीडीओ बनकर क्षेत्र व जनपद को किया गौरवान्वित
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के हुरहुरी गांव में स्थित एसडी पब्लिक स्कूल की संचालिका डॉ. रेखा सिंह की पुत्री राजिता सिंह ने PCS—2024 परीक्षा में सफलता हासिल करके क्षेत्र व जनपद को गौरवान्वित कर दिया। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन खण्ड विकास अधिकारी पद पर हुआ है। राजिता की सफलता न सिर्फ उनके परिवार के लिये, बल्कि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बन गई हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं चयन की खबर होते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया।
बेटी की सफलता पर महसूस हो रहा गर्व: राजेश
पिता राजेश सिंह बेटी के इस सफलता पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि राजिता की प्राथमिक शिक्षा केराकत से प्रारंभ हुई। हाईस्कूल रिजवी कालेज जौनपुर। इंटर संत अतुलानंद वाराणसी से करके इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद दिल्ली में दाखिला तैयारी की। वह पहले UPSC परीक्षा में मेंस तक पहुंची लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने PCS और PCS-J की परीक्षा दी जिसमें आखिरकार उन्हें PCS में सफलता मिली।
समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का करूंगी प्रयास: राजिता
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए राजिता सिंह ने बताया कि उनकी इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी का अहम योगदान रहा है। शिक्षक परिवार से होने के कारण उन्हें बचपन से ही अनुशासन और मेहनत की सीख मिली। उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगी। हम बदलेंगे तो जग बदलेगा, हम सभी को बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
गुरू दिशा देता है और अधिकारी बदल सकता है समाज: रेखा
बेटी की सफलता पर माता डॉ. रेखा सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि गुरु एक दिशा दे सकता है और एक अधिकारी समाज को बदल सकता है। सभी बेटियों को संदेश दिया कि वे मेहनत करें और अपने माता-पिता व समाज का नाम रोशन करें।
.jpg)









