डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र में कार्यरत मनरेगा कर्मियों ने लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपा। कर्मियों ने बताया कि ग्राम रोजगार सेवक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक व अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों को जुलाई 2025 से अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति के साथ एसआईआर, क्रॉप सर्वे सहित अन्य सरकारी कार्यों में भी वे लगातार योगदान दे रहे हैं लेकिन विभागीय शिथिलता के कारण मानदेय और ईपीएफ की देयता लंबित है। दीपावली के बाद अब होली पर भी वेतन न मिलने से कर्मियों में आक्रोश है। मनरेगा कर्मियों का कहना है कि आर्थिक संकट के कारण पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना कठिन हो गया है। उन्होंने शासन से मांग किया कि लंबित मानदेय व ईपीएफ का भुगतान शीघ्र कराया जाए।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राहुल मिश्रा, टीए रमेश शर्मा, अनिल, रवीन्द्र यादव, शिवगोविन्द, फूलचंद यादव, रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष रामवृक्ष यादव, मुन्नर कुमार, पवन मौर्य, राजेश कुमार, सुनील बिंद, नवीन सिंह, सुरेंद्र दूबे, हरेंद्र कुमार, सुनील यादव, सुरेश वर्मा, चन्द्र प्रकाश सहित बड़ी संख्या में मनरेगा कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpg)







