आपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, मौत के बाद मचा बवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव स्थित एक निजी अस्पताल में सर्जरी के दौरान महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान समेत सर्किल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बताया जाता है कि शाहगंज क्षेत्र के दिपाईपुर गांव निवासी रेखा देवी की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए बड़ागांव स्थित मां शांति हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला को ऑपरेशन कराने की सलाह दी जिस पर परिजनों की सहमति से सर्जरी की तैयारी की गई।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों की लापरवाही के कारण महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल परिसर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के स्वजनों ने चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मृतका के पति खाड़ी देश में नौकरी करते हैं और परिवार में दो बेटियां हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
.jpg)






