आशीष मौर्य
नेवढ़िया,जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के भाऊपुर पुलिस चौकी अंतर्गत अटरिया स्थित शिव मंदिर के पास बहने वाली बसुही नदी में शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार पुष्कर सिंह उर्फ कल्लू (42 वर्ष) नहाने के लिए नदी में गए थे। इसी दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया जिससे वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भाऊपुर पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुग्रीव प्रसाद गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्यवाही पूरी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और क्षेत्र में भी शोक की लहर फैल गई है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)







