आनलाइन करें बुकिंग और ओटीपी दिखाकर प्राप्त करें गैस
सरकार से लेकर जिला प्रशासन भी उपभोक्ताओं से किया अपील
सुनील शर्मा
जौनपुर। अमेरिका और इरान के बीच चल रहे महायुद्ध को लेकर एलपीजी गैस तथा डीजल पेट्रोल की कमी की अफवाह से भारत के अन्य राज्यों में अफरा-तफरी मची है। जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। यह जरूर है गैस और तेल का आयात इरान इराक जैसे देशों से होता है लेकिन भारत में ऐसी कोई दिक्कत नहीं है। विपक्षी दल राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अमेरिका और इरान के बीच चल रहे महायुद्ध के चलते भारत को छोड़कर अन्य देशों में भले ही गैस और पेट्रोल की दिक्कत हो रही होगी। गैस सिलेंडर के कमी की अफवाहों को लेकर पत्र—प्रतिनिधि ने सोमवार को शहर के उत्तरी क्षेत्र स्थित सुक्खीपुर विमल गैस एचपी एजेंसी की पड़ताल किया तो स्थिति स्पष्ट नजर आयी। गैस उपभोक्ताओं की लाइन लगी हुई थी। सभी उपभोक्ता आनलाइन बुकिंग कराकर अपना गैस सिलेंडर ले रहे थे।
एजेंसी के प्रोपराइटर रतन सोनकर ने बताया कि गैस की किल्लत अफवाह है। भारत के अन्य राज्यों में भी जो अफवाह उड़ी है वह अन्य राजनीतिक दलों के जरिए जनता को गुमराह किए जाने की साजिश है। महायुद्ध को लेकर भारत में कोई असर नहीं है। उपभोक्ताओं को कोई दिक्कत नहीं होने पाये और हर उपभोक्ता को गैस सिलेंडर मिल जाय, इसके लिये आनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की गई है। सरकार और जिला प्रशासन भी उपभोक्ताओं से अपील कर रहा है कि भारत देश में गैस और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। प्रोपराइटर रतन सोनकर ने बताया कि उपभोक्ता 9493602222 पर अपने रजिस्टर्ड नंबर से सुबह 5 बजे से 8 बजे तक तथा शाम 6 बजे से 8 बजे तक काल करके गैस बुकिंग कराएं। काल करने के बाद 4 अंक की ओटीपी आएगी। इसी ओटीपी के जरिए एजेंसी पर पहुंचकर गैस सिलेंडर प्राप्त करें।
उन्होंने बताया कि दूसरा गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन बाद ही बुकिंग हो पाएगी। इसके पहले साफ्टवेयर बुकिंग नहीं स्वीकार करेगा। अफवाह के चलते गैस सिलेंडर लेने उपभोक्ताओं में जो अफरा-तफरी मची है, वह जल्द ही खत्म हो जाएगी। स्थिति यह हो जाएगी कि गैस सिलेंडर अधिक और लेने वाले उपभोक्ता कम हो जाएंगे। उन्होंने पत्र—प्रतिनिधि से स्पष्ट शब्दों में कहा कि उपभोक्ता गैस सिलेंडर के कमी की अफवाहों से दूर रहें। शासन—प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के आधार पर शांतिपूर्ण माहौल में गैस सिलेंडर एजेंसी के गोदाम से प्राप्त करें।
.jpg)







