वार्डों में कूड़े के ढेर से बढ़ी परेशानी
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय नगर पंचायत में ईद, नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनज़र जहां विशेष सफाई व्यवस्था की जानी चाहिए थी, वहीं हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है। नगर के विभिन्न वार्डों में जगह-जगह कूड़े के अंबार लगे हुए हैं जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4, 8, 13 सहित कई इलाकों में कूड़ा कई दिनों से नहींं उठाया गया है। सड़कों के किनारे जमा कूड़े से दुर्गंध फैल रही है जिससे राहगीरों सहित आस—पास के निवासियों का जीना दूभर हो गया है। त्योहारों के समय स्वच्छता को लेकर प्रशासन के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं।
नालियों की सफाई न होने से जलभराव की स्थिति
नगर के अधिकांश हिस्सों में नालियां जाम पड़ी हैं। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। कई स्थानों पर लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में इस बात को लेकर खासा आक्रोश है कि त्योहारों के समय भी सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी पर लापरवाही के आरोप
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या का रवैया भी ढुलमुल बना हुआ है। लोग अपनी समस्या के समाधान के लिए कई बार सम्पर्क करने की कोशिश करने का प्रयास करते है तो इनका न समय से फ़ोन उठता है और न ही समय से ऑफिस पर मुलाकात होती है। शिकायतों के बावजूद न निरीक्षण किया जा रहा है और न ही सफाई कर्मियों की जवाबदेही तय की जा रही है। इससे यह साफ प्रतीत होता है कि प्रशासनिक स्तर पर उदासीनता बरती जा रही है। इस सम्बंध में जब भी सवाल किया जाता है तो वही रटारटाया जवाब मिलता है दिखवा लेते है और फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है।
जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल
इस पूरे मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। जनता का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं लेकिन अब समस्याओं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
संक्रमण फैलने का बढ़ा खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि गंदगी और जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। नागरिकों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग किया कि नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए तथा जाम नालियों की सफाई कराई जाए, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
.jpg)








