विपिन मौर्य
मछलीशहर, जौनपुर। आगामी ईद पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर मछलीशहर ईदगाह कमेटी के मुतवल्ली/सचिव इरशाद अहमद ने उपजिलाधिकारी कुमार सौरभ (आईएएस) को ज्ञापन सौंप करके आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग किया। उन्होंने प्रशासन से नमाज के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजाम कराने का अनुरोध किया।
ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष नुरूज्जमा ने बताया कि ईद के मौके पर बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने के लिए शाही ईदगाह पहुंचते हैं। इसे देखते हुए ईदगाह परिसर में पिछले कई दिनों से रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और दवा का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कमेटी की ओर से सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष ईद की नमाज शाही ईदगाह में सुबह 7:30 बजे अदा की जाएगी। कमेटी ने सभी रोजेदारों और नमाजियों से समय से पहुंचने तथा आपसी भाईचारा और अमन-चैन बनाए रखने की अपील भी की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जमील कुरैशी, सारिक अंसारी, फराज सभासद, इश्तियाक, वकील, नेहाल सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
.jpg)







