दुर्लभ जन्मजात स्थिति, लाखों में एक मामला, विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार जारी
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। एक बेहद दुर्लभ चिकित्सीय मामला सामने आया है। शाहगंज स्थित सर सैय्यद हॉस्पिटल में एक दिन के नवजात शिशु में “Fetus in Fetu” नामक अत्यंत विरल जन्मजात अवस्था का पता चला है। इस अनोखे मामले ने चिकित्सकों को भी आश्चर्य में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार नवजात शिशु का प्रारंभिक उपचार बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महफूज़ अहमद की देख—रेख में किया जा रहा था। जांच के दौरान शिशु की स्थिति सामान्य न लगने पर डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी।
अल्ट्रासाउंड जांच में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. फारूक़ अरशद ने “Fetus in Fetu” जैसी दुर्लभ स्थिति की पुष्टि की। इस अवस्था में एक अधूरा विकसित भ्रूण, दूसरे भ्रूण के शरीर के अंदर मौजूद होता है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति अत्यंत दुर्लभ होती है और लगभग 5 लाख जन्मों में एक ही मामला सामने आता है। विश्व स्तर पर भी अब तक ऐसे 200 से कम मामलों की ही पुष्टि हुई है।
डॉ. फारूक़ अरशद ने बताया कि इस प्रकार के मामलों की पहचान करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है और इसके लिए उच्च स्तर की विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। फिलहाल नवजात की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आगे के उपचार के लिए विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा रहा है। यह मामला न केवल चिकित्सा दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि शाहगंज जैसे क्षेत्र में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और विशेषज्ञता को भी दर्शाता है। स्थानीय चिकित्सा क्षेत्र के लिए इसे एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
.jpg)









