अजय पाण्डेय
जौनपुर। ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति सिंगरामऊ एवं निफा जौनपुर द्वारा शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु के 95वें शहीद दिवस पर भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन जिला अस्पताल के ब्लड बैंक केन्द्र में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा संजय कन्नौजिया ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित से किया। इस पुनीत कार्य में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में 60 लोगों का पंजीकरण किया गया। कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट ने संस्था द्वारा लगातार रक्तदान हेतु भागीदारी एवं सहयोग करने को अभूतपूर्व पहल बताते हुये रक्तदान को 'महादान' बताया। साथ ही कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता कि हम दूसरों का जीवन बचाने के लिए आगे आयें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रीनारायण सिंह 117वीं बार तथा शनिजी द्वारा 25वीं बार रक्तदान किया गया।
इस दौरान डा. केके पाण्डेय ने कहा कि रक्तदान के बाद शरीर 21 दिनों के भीतर रक्त की मात्रा को फिर से पूरा कर लेता है जिससे शरीर में नई कोशिकाओं का निर्माण होता है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन (Iron) की मात्रा संतुलित रहती है जिससे हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है। ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति सिंगरामऊ संस्था की सचिव/प्रबंधक डॉ. अंजू सिंह ने सभी का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया। शिविर में बटालियन 98 से बलवीर कुमार, 96 से मेहरबान सिंह और फाइव क्वाय 95 से अमृत पाल के नेतृत्व में कैडेट्स भी उपस्थित रहे। ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. एम खान एवं डॉ. केके पाण्डेय एवं अरूण सिंह ने लोगों को रक्तदान के स्वास्थ्य लाभ गिनाते हुए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन टीम लीडर महेन्द्र शुक्ला ने किया। आयोजन को सफल बनाने में ब्लड बैंक स्टाफ तथा संस्था के समर्पित कार्यकर्ताओं (संजीव सिंह, नेहा, सद्दाम, शानू, आयुष, अंशु, सत्यजीत) का विशेष योगदान रहा। अंत में सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित के कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।
.jpg)







