22 लाख दीपों से आलोकित हुई मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान प्रभु श्रीराम जी की तपोस्थली
शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में ‘चित्रकूट गौरव दिवस’ एवं ‘चैत्र रामनवमी’ पर चित्रकूट प्रशासन द्वारा भव्य दीपोत्सव हुआ। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट को ऑपरेटिव बैंक चित्रकूट बांदा, पंकज अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरुण कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, राजेश्वरी द्विवेदी, डा अश्विनी अवस्थी, नगर महाअध्यक्ष रवि गुप्ता सहित अन्य सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों कर्मचारियों की उपस्थिति में पवित्र रामघाट पर दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस महापर्व पर रामघाट को लगभग 22 लाख दीपों की माला से सुसज्जित किया गया। दीपों की इस स्वर्णिम आभा ने संपूर्ण परिक्षेत्र को आध्यात्मिक एवं दिव्य ऊर्जा से सराबोर कर दिया। दीपदान के साथ स्थानीय एवं लोक कलाकारों द्वारा विभिन्न विधाओं का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। बुंदेलखंड की पारंपरिक लोक कला ‘दीवारी नृत्य’ का सजीव चित्रण कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। घाट के प्रमुख स्थलों पर भव्य रंगोली बनाई गई तथा रात्रि में आकर्षक आतिशबाजी के माध्यम से उत्सव की भव्यता को द्विगुणित किया गया।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि यह आयोजन चित्रकूट की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किये गये थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सुव्यवस्थित दर्शन हेतु भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की गई। आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का समागम रहा, बल्कि इसने चित्रकूट के पर्यटन और सांस्कृतिक गौरव को एक नई ऊंचाई प्रदान की है। इस अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।
.jpg)









