Jaunpur News: मानव से मशीन तक: बदलती दुनिया में एआई बना नयी प्रतिस्पर्धा का केन्द्र प्रो. योगेश

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: मानव से मशीन तक: बदलती दुनिया में एआई बना नयी प्रतिस्पर्धा का केन्द्र प्रो. योगेश


डिजिटल परिवर्तन के दौर में नवाचार और समन्वय की आवश्यकता: प्रो. वन्दना


विरेन्द्र यादव/अजय विश्वकर्मा

सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में “कॉरपोरेट प्रणाली में उभरते मुद्दे एवं चुनौतियां” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी की शुरुआत शनिवार को विश्वविद्यालय के अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में हुई। संगोष्ठी में देश भर से आए शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया और समकालीन विषयों पर अपने विचार साझा किये।

उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि आईटीएम विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रो. योगेश उपाध्याय ने कहा कि आज विश्व भारतीय प्रतिभा को सम्मान दे रहा है परंतु साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रभाव ने नई चुनौतियों को जन्म दिया है। भारतीय समाज में ईमानदारी और आपसी विश्वास की सुदृढ़ परंपरा रही किंतु समय के साथ इसमें गिरावट आई है जिस पर गंभीर आत्ममंथन आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पहले श्रम की आवश्यकता के लिए लोगों को विभिन्न देशों में भेजा गया। बाद में मशीनों ने मानव श्रम का स्थान लिया और अब बुद्धिमत्ता के स्तर पर भी प्रतिस्पर्धा तीव्र हो गई है। उनके अनुसार यह प्रतिस्पर्धा केवल मनुष्य और मशीन के बीच नहीं, बल्कि एक नई “प्रजाति” के उभरने का संकेत है जिसका प्रभाव भविष्य में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में दिखाई देगा।



इसी क्रम में अध्यक्षीय सम्बोधन में पूविवि की कुलपति प्रो. वन्दना सिंह ने कहा कि आज का समय डिजिटल परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और बदलते कार्यबल की चुनौतियों से भरा है जो नवाचार और उत्तरदायी नेतृत्व के नए अवसर भी देते हैं। संगठनात्मक उत्कृष्टता के लिए विभिन्न प्रबंधन क्षेत्रों के समन्वय पर बल दिया और कॉरपोरेट क्षेत्र को आर्थिक विकास के साथ सामाजिक परिवर्तन का भी प्रमुख माध्यम बताते हुए शिक्षा, उद्योग और नीति-निर्माताओं के बीच संवाद की आवश्यकता बताई।

विशिष्ट अतिथि प्रो. आशीष बाजपेई निदेशक प्रबंधन संस्थान बीएचयू ने कहा कि भारतीय कॉरपोरेट सेक्टर अच्छा काम कर रहा है लेकिन आज विश्वसनीयता का ह्रास चिंता का विषय है। धर्म से दूरी के कारण कॉरपोरेट और उपभोक्ता के बीच विश्वास कम हुआ है। ऐसे में कॉरपोरेट नेतृत्व की सोच सकारात्मक और नैतिक होना जरूरी है। इसी क्रम में अतिथि प्रो. एस. रामनाथन पूर्व डीन प्रबंधन अन्नामलाई विश्वविद्यालय चेन्नई ने कहा कि लाभ ही व्यवसाय का एकमात्र उद्देश्य नहीं होना चाहिए। प्रत्येक संगठन चाहे वह गाँव की छोटी सहकारी समिति हो या बड़ी कंपनी को अपने वित्त का कुशल प्रबंधन करना आवश्यक है। संगोष्ठी में प्लेनरी व्याख्यान आयोजित हुये जिसमें आईआईआईटी प्रयागराज प्रो. रंजीत सिंह ने कहानी के माध्यम से स्पष्ट किया कि कृतिम बुधिमत्ता स्वयं ज्ञानी नहीं है, बल्कि यह मानव द्वारा दिए गए डेटा पर निर्भर करता है।

स्वागत एवं विषय प्रवर्तन संयोजक प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर ने किया। कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव डॉ. आशुतोष के. सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व कुलपति प्रो. पीसी पतंजलि, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. मुराद अली, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. एचसी पुरोहित, प्रो. एसके सिन्हा, प्रो. अजय वाघ, प्रो. अमित सिंह, प्रो. रुम्की बनर्जी, प्रो. खुशेन्द्र मिश्र, प्रो. संदीप सिंह, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. प्रदीप कुमार, डॉ. बीएल आर्य, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. रसिकेश, डॉ. अन्नू त्यागी समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।



ads

ads
ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!