अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। जनपद के चिनहट में आस्था और समाजसेवा का एक अद्भुत संगम होने जा रहा है। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और ब्याह छोहरिया माता मंदिर में कराओ'— इसी संकल्प के साथ इस साल भी निर्धन बेटियों के हाथ पीले होने जा रहे हैं। मां सिद्धिदात्री छोहरिया शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष 26वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। 28 मार्च को 105 निर्धन बेटियाँ एक ही मंडप के नीचे वैवाहिक बंधन में बंधेंगी।
मंदिर के महंत लल्ला बाबा ने बताया कि तैयारियाँ ज़ोर-शोर से जारी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 19 मार्च से ही महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा के साथ हो हो गयी है जो 25 मार्च तक चलेगी। 26 मार्च को विशाल जागरण होगा और 28 मार्च को मुख्य विवाह समारोह संपन्न होगा।
लल्ला बाबा ने अपील किया कि "जिनके घर बेटियाँ नहीं हैं, वे यहाँ आकर कन्यादान करें और पुण्य के भागीदार बनें।" नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का पूरा सामान भेंट किया जाएगा जिसमें साइकिल और सिलाई मशीन, आलमारी और 6 कुर्सियों का सेट, डिनर सेट, पंखा, गद्दा और कंबल, पायल, बिछिया और श्रृंगार का सामान शामिल हैं।
इस पुनीत कार्य में समाजसेवी प्रदीप सिंह, संदीप सिंह, प्रभात श्रीवास्तव, संरक्षक शैलेंद्र पांडेय समेत पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है। अगर आप भी इस महायज्ञ का हिस्सा बनना चाहते हैं तो 28 मार्च को छोहरिया माता मंदिर चिनहट जरूर पहुँचें।
.jpg)







