विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। मुफ़्तीगंज विकास खण्ड क्षेत्र के बेलांव बाजार में स्थित महावीर मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ बेलाँव गांव निवासी वक्फ बोर्ड अधिकारी संजय सिंह (UPPCS) एवं कार्यक्रम अध्यक्ष संतोष सिंह ने दीप प्रज्वलित करके किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से स्वर्गीय देवी सिंह एवं स्व. रामअवध यादव स्मृति शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेल विकास फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में समाजसेवी संजय यादव एवं व्यवसायी अनिल सिंह द्वारा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किये गये।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कवि एवं भोजपुरी फिल्म अभिनेता इंद्रजीत यादव (मुंबई) ने बच्चों को खेलों के महत्व पर प्रेरक संबोधन दिया। साथ ही कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है जो केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर और सशक्त मानसिक विकास का आधार है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और संयम अपनाने की प्रेरणा देते हुए मनमोहक गीत भी प्रस्तुत किये जिससे वातावरण उत्साहपूर्ण हो उठा।
मुख्य अतिथि ने कहा कि नियमित खेलकूद से एकाग्रता बढ़ती है और पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने में सहायता मिलती है। “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है,” इसलिए बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से दूर रहकर प्रतिदिन मैदान में उतरना चाहिए। खेल हमें हार-जीत को शालीनता से स्वीकार करना सिखाता है और एक मजबूत, साहसी तथा अनुशासित राष्ट्र निर्माण में सहायक होता है।
इस अवसर पर सत्यम सिंह, गोकुल यादव, रामलखन यादव, विनोद सिंह, बलवंत सिंह, दुर्गेश दीक्षित सहित अनेक अभिभावकगण उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्रबंधक/प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विजयी टीमों को माल्यार्पण करते हुये कार्यक्रम के समापन की घोषणा किया।
.jpg)








