विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सरकी बाजार में शनिवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी जिससे ऑटो सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरनपुर गांव निवासी ऑटो चालक सुरेश प्रजापति (42) पुत्र स्वर्गीय जियावन प्रजापति तथा कलावती देवी (70) पत्नी भीखू यादव जनपद आजमगढ़ के लालगंज बाजार स्थित एक निजी अस्पताल से दवा लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सरकी बाजार पहुंचे तभी केराकत से देवगांव की ओर तेज गति से जा रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सामने से उनकी ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित टीनसेड में जा टकराई।
हादसे में ऑटो चालक और सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद बाजार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन और उसके चालक को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी गयी है।
.jpg)








