नृत्य, नाटक एवं संदेशों से सजा कार्यक्रम
परीक्षा से पहले बच्चों का बढ़ा आत्मविश्वास
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में शनिवार को ‘नन्हे सितारे’ नामक भव्य सांस्कृतिक समारोह हुआ जहां नन्हे बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मकता ने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह के मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार राहुल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विद्यालय के निदेशक गौतम जायसवाल रहे। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं और परीक्षा से पहले तनावमुक्त वातावरण प्रदान करते हैं।
इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और वे परीक्षा व जीवन की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार होते हैं। उन्होंने बच्चों को आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत रिद्धि मौर्य, अव्या और आसू द्वारा भावपूर्ण गणेश वंदना से हुई। इसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। मोबाइल फोन की लत, जय हो उत्तर प्रदेश, पिता पर भावनात्मक नाटक, बाल श्रम एवं शिक्षा का अधिकार तथा विविधता में एकता जैसे विषयों पर आधारित कार्यक्रमों ने समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
बच्चों के नृत्य, अभिनय और संवादों में आत्मविश्वास और अनुशासन स्पष्ट झलका। अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुति पर जमकर तालियां बजाईं और विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा किया। समारोह के समापन पर प्रधानाचार्य राज बल्लभ श्रीवास्तव ने सभी आगंतुकों, अभिभावकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय भविष्य में भी बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
इस अवसर पर संयोजक सभी, सुषमा, शेफाली, सोनी, कुसुम, गुलनाज, अंकिता, अंजू, ममता, शिप्रा, सान्या, शमीम, पूजा, निकिता, प्रतिभा, सोनू, रानी, कार्यक्रम अधिकारी नुसरत, पुष्पा, संजू, आर्ची, शमीमा, श्रेया, प्रियंका, आरती सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
.jpg)







