नवागत कप्तान के निर्देश पर कस्बा से लेकर आजमगढ़ बॉर्डर तक चला अभियान
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। नवागत पुलिस कप्तान अनुपम सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। कस्बा क्षेत्र के साथ ही आजमगढ़ बॉर्डर सहित पांच बीटों पर की गई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। यातायात नियमों का पालन न करने पर दुपहिया और चार पहिया वाहनों समेत कुल 30 वाहनों का चालान किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान खेतासराय पुलिस बूथ पर चौकी इंचार्ज अनिल पाठक, गुरैनी में चौकी प्रभारी गुलाब चंद्र, मानीकला में चौकी प्रभारी शैलेंद्र राय, जैगहा में चौकी प्रभारी भोला सिंह और कलापुर में इंचार्ज अजय यादव ने मोर्चा संभाला। पुलिस टीमों ने हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन के कागजात सहित अन्य जरूरी नियमों की सख्ती से जांच किया।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान करीब तीन दर्जन वाहनों का चालान किया गया है। आगे भी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेगा। ख़बर लिखे जाने तक पुलिस का अभियान जारी रहा।
.jpg)







