- प्रभु श्री राम के मिलन दृश्य से हुईं आंखें नम
फहद खान
शाहगंज, जौनपुर। बरसात के बावजूद पूर्वांचल का प्रसिद्ध ऐतिहासिक भरत मिलाप महोत्सव नगर के पुराना चौक पर परंपरानुसार श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के भावनात्मक मिलन के दृश्य को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं।
शुक्रवार की मध्यरात्रि में संगत जी मंदिर से प्रभु श्रीराम का पुष्पक विमान नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। पुष्पक विमान के साथ आकर्षक झांकियां, दुर्गा प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी रही। नगर भ्रमण के दौरान मुख्य मार्ग, जेसीज चौराहा और श्रीरामपुर रोड पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
बारिश के बीच लोगों में उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। श्रद्धालु छतरियां और बरसाती लेकर भीगते हुए प्रभु दर्शन के लिए डटे रहे। पूर्वांचल में शाहगंज का भरत मिलाप अपना विशिष्ट स्थान रखता है। इसमें क्षेत्र सहित आजमगढ़, अंबेडकर नगर और सुल्तानपुर जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल लगातार नगर में चक्रमण करते रहे। वहीं श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल सहित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। बरसात के फुहारों के बीच भक्तों की आस्था और प्रभु श्री राम के मिलन दृश्य ने पूरे नगर को भक्ति रस में डूबो दिया।