Jaunpur News: खेल हमें अनुशासन एवं मानसिक दृढ़ता सिखाता है: जिला जज

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: खेल हमें अनुशासन एवं मानसिक दृढ़ता सिखाता है: जिला जज


टीडी कॉलेज के उमानाथ स्टेडियम में भव्य अंदाज में जौनपुर बास्केटबॉल लीग का हुआ शुभारम्भ

शुभांशू जायसवाल

जौनपुर। नगर के टीडी कॉलेज स्थित उमानाथ सिंह स्टेडियम में जौनपुर बास्केटबॉल लीग का भव्य शुभारंभ समारोह पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि जिला जज सुशील शशि रहे जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना सिखाता है। खेल मेरे दिल के बहुत करीब है और मैं बचपन से खेलता आ रहा हूं।

मुख्य अतिथि ने कहा कि स्पोर्ट्स से जुड़े व्यक्ति को कभी घमंड नहीं होता, क्योंकि कभी न कभी आपसे भी बड़ा खिलाड़ी मिल जाता है। एक दिन आप हारते हैं तो अगले दिन जीतते हैं और एक दिन चैंपियन बनते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलें। खेलने से मस्तिष्क और शरीर का विकास होता है तथा ऊर्जा का संचार होता है। एक अच्छे नागरिक के रूप में विकसित होकर युवा देश के निर्माण और विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद भर की कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया। संघ के सचिव लाल बहादुर पाल ने बताया कि इस टूर्नामेंट को चार अलग-अलग वर्गों—सुपर सीनियर, सीनियर, जूनियर और महिला वर्ग—में विभाजित किया गया है।

दो दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के परिणाम बेहद दिलचस्प रहे। सुपर सीनियर वर्ग में वंश इंटरप्राइजेज ने पारूल डायग्नोस्टिक को 40-35 से और गहना कोठी ने एसआरएस को 40-38 से पराजित किया। वहीं सीनियर वर्ग में पारूल ने जौनपुर बेकर्स को हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया और दूसरे पूल से आयुधीन ने आदर्श मेडिकेयर को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके अलावा बालिका वर्ग में जेबीडीए ने मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।

समारोह के विशिष्ट अतिथि दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिलता है। बार के मंत्री मनीष सिंह ने कहा कि खेल से अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना जागृत होती है। आयोजन सचिव डॉ. आलोक सिंह ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर खेल सचिव लाल बहादुर पाल, वीरभद्र सिंह, भूपेंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, यूपी पुलिस महिला बास्केटबॉल कोच अबलू दुबे आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया। कार्यक्रम संयोजक अनिकेत सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्टेडियम में खेलप्रेमियों और युवाओं की भारी भीड़ मौजूद रही।



ads

ads

ads

ads


ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!