- एनएच-135ए की बदहाली पर फिर उठी आवाज, भाजपा नेता ने सौंपा ज्ञापन
- सड़क की धूल से कारोबार प्रभावित, अब सभासद ने नगर पंचायत को घेरा
मो. अरशद
खेतासराय, जौनपुर। सड़क की बदहाली और उड़ती धूल से परेशान दुकानदारों को राहत दिलाने के लिए अब जनप्रतिनिधियों ने भी आवाज उठानी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए और खुटहन मार्ग पर धूल के गुबार से कारोबार प्रभावित होने और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए नामित सभासद एवं भाजपा नेता शुभम जायसवाल ने नगर पंचायत प्रशासन से नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है।
उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष वसीम अहमद और अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या को ज्ञापन सौंपकर दोनों प्रमुख मार्गों पर प्रतिदिन सुबह और शाम पानी का छिड़काव कराने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क के गड्ढों में मिट्टी मिली गिट्टी डाले जाने के बाद वाहनों के आवागमन से धूल उड़ रही है। इससे दुकानों में धूल की मोटी परत जम जा रही है। दुकानदारों को बार-बार सफाई करनी पड़ रही है, वहीं राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुभम जायसवाल ने बताया कि जब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होती, तब तक नियमित पानी का छिड़काव कराया जाना जरूरी है। इससे धूल पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है और लोगों को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि कस्बे में सड़क की बदहाली को लेकर व्यापारियों ने एकजुट होकर आवाज़ उठाई थी। 28 अक्टूबर को नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी डॉ. सैमुअल पाल एन और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव को ज्ञापन सौंपकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। इस पर राज्यमंत्री ने जल्द काम शुरू कराने का भरोसा दिया था। अब भाजपा नेता ने अस्थायी राहत के तौर पर पानी के छिड़काव की मांग उठाकर समस्या को फिर चर्चा में ला दिया है।
.jpg)





