हनुमान मन्दिर के सामने हुआ हादसा, चालक फरार
टीनशेड, काउण्टर सहित तमाम सामान क्षतिग्रस्त
विनय शर्मा
डोभी, जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बजरंग नगर बाजार में अनियंत्रित ट्रेलर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए जिगर चाइनीज की दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान का टीनशेड, काउंटर सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इससे दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
बजरंगनगर बाजार निवासी राधेश्याम मोदनवाल के घर के सामने स्थित दुकान में अनियंत्रित हो ट्रेलर घुस गया। संयोग अच्छा रहा कि दुकान के टीनशेड के नीचे उस समय कोई सोया नहीं था जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची चंदवक पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर को दुकान से बाहर निकलवाया। इस दौरान ट्रेलर दो हिस्सों में बंट गया। बाद में उसके दोनों हिस्सों को बाजार से बाहर सड़क किनारे खड़ा कराया गया। वहीं हादसे के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
.jpg)




