विरोध करने पर बाहरी लोगों से धमकी दिलाने का दावा, महिलाओं ने प्रशासन से लगायी गुहार
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। गांव का रास्ता किसी एक व्यक्ति की जागीर नहीं, बल्कि पूरे गांव की सहूलियत का जरिया होता है। इसी रास्ते से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी जुड़ी होती है लेकिन क्षेत्र के भदैला गांव में रास्ते को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 4 महिलाओं ने कुछ लोगों पर सार्वजनिक रास्ते से आवागमन रोकने और विरोध करने पर धमकी दिलाने का आरोप लगाया है।
गांव निवासी संगीता, शकुंतला, रीता और सितारा का आरोप है कि विपक्षी उन्हें घर से बाहर निकलने और सार्वजनिक रास्ते से आने-जाने नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि इस रास्ते से पहले पूरे गांव के लोगों का आवागमन होता था लेकिन अब रास्ते पर पाबंदी लगाई जा रही है। विरोध करने पर बाहरी लोगों को बुलाकर मारपीट की धमकी दिलाने का भी आरोप लगाया गया है।
महिलाओं के मुताबिक रास्ते को लेकर पैदा हुए विवाद से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। आवागमन में परेशानी के साथ ही परिवार के लोगों में भय बना हुआ है। पीड़ित महिलाओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सार्वजनिक रास्ते को आवागमन के लिए खुलवाने और कथित रूप से धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस जाँच-पड़ताल में जुटी हुई है।
.jpg)





