बालि-सुग्रीव युद्ध एवं लंका दहन का हुआ मंचन
सिरकोनी, जौनपुर। स्थानीय ब्लाक के आदर्श ग्राम कुद्दूपुर में चल रही तिलकधारी सिंह आदर्श बाल रामलीला समिति की रामलीला के चौथे दिन दर्शकों की काफी भीड़ रही। रामलीला में पंचवटी प्रसंग, सूपर्णखा की नासिका छेदन, बालि-सुग्रीव युद्ध और लंका दहन का मंचन किया गया।
मंचन के दौरान पंचवटी में सूर्पणखा के पहुंचने और लक्ष्मण जी द्वारा उसकी नाक काटने का प्रसंग दिखाया गया। यह दृश्य आते ही पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद सुग्रीव से प्रभु श्रीराम की मित्रता और बाली-सुग्रीव के बीच हुए युद्ध का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को काफी देर तक बांधे रखा।
रामलीला के चौथे दिन लंका दहन का प्रसंग विशेष आकर्षण रहा। पवनपुत्र हनुमान जी द्वारा लंका में आग लगाये जाने का दृश्य देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। लंका दहन के दौरान पंडाल में जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारे लगते रहे। बाल कलाकारों ने संवाद और अभिनय के जरिए प्रसंगों को जीवंत बनाने का प्रयास किया।
इस अवसर समिति के अध्यक्ष सुजीत सिंह, उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, महामंत्री आलोक सिंह, कोषाध्यक्ष हर्ष सिंह और सचिव शुभम सिंह मौजूद रहे। निर्देशक मंडल से बृजेश सिंह, प्रहलाद सिंह, दीपक सिंह, विनीत कुमार सिंह, सौरभ सिंह, शिवम् सिंह, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं क्षेत्र के रामभक्त रामलीला देखने पहुंचे।
.jpg)





