जौनपुर। शासन द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में हुआ। आयोजन में मुख्य/विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव जी, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर, जिलाध्यक्ष मछलीशहर डा0 अजय सिंह रहे।
इस आयोजन में मुख्यमन्त्री उ0प्र0 द्वारा उक्त योजना के सम्बन्ध में दिये जा रहे उद्बोधन के सजीव प्रसारण को सुना गया। तत्पश्चात् शासन द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुरूप अतिथिगणों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित 500 से अधिक उज्जवला लाभार्थियों को उक्त योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। तत्क्रम में आयोजन के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा 15 चिन्हित उज्ज्वला लाभार्थियों को उज्ज्वला सिलेण्डर के सापेक्ष दी जा रही सब्सिडी का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त उपस्थित लाभार्थियों को अवगत कराया गया कि उक्त योजना के अन्तर्गत कुल 412891 लाभार्थी आच्छादित है। दीपाली पर उपभोक्ताओं के खाते में सब्सिडी की धनराशि उनके गैस रिफिल बुकिंग के सापेक्ष 31 दिसम्बर तक अन्तरित किये जाने का प्राविधान किया गया है।
इसी प्रकार होली पर द्वितीय चरण में आगामी 1 जनवरी से 31 मार्च 2027 तक गैस रिफिल बुकिंग के सापेक्ष सब्सिडी की धनराशि उपभोक्ताओं के खाते में अन्तरित किये जाने का प्राविधान किया गया है। सभी उज्ज्वला लाभार्थियों को शासन की मंशानुरूप जागरूक किया गया व मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी कि प्रत्येक उज्ज्वला लाभार्थी अपने गैस कनेक्शन की के0वाई0सी0 अपडेट कराते हुए विशेष सब्सिडी/निःशुल्क उज्ज्वला गैस रिफिल योजना का लाभ उठाये।
इस मौके पर राज्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), परमानंद झा, जिलापूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहें।
.jpg)





