Jaunpur News: शाहगंज रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर रेल मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: शाहगंज रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर रेल मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन


ट्रेनों के ठहराव से लेकर यात्री सुविधाओं तक उठायीं 13 प्रमुख मांगें

शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में विस्तार एवं विभिन्न रेल समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व नगर महामंत्री देवी प्रसाद चौरसिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने रेल मंत्री से जनहित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग किया। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि शाहगंज रेलवे स्टेशन जौनपुर सहित आस—पास के 4 जिलों के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण रेल केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव न होने तथा यात्री सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।


ट्रेनों के ठहराव एवं विस्तार की मांग

ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख ट्रेनों के ठहराव एवं विस्तार की मांग उठाई गई। इसमें 54375/54376 प्रयागराज पैसेंजर, 15667/15668 कामाख्या-गांधीधाम एक्सप्रेस, 15635/15636 ओखा-गुवाहाटी द्वारका एक्सप्रेस, 19321/19322 एवं 19313/19314 पटना-इंदौर ट्रेनें, 22345/22346 तथा 22490/22436 वंदे भारत एक्सप्रेस और 15933/15934 तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस का शाहगंज में ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग शामिल है। इसके अलावा 14201/14202 नौगढ़ राज्यरानी एक्सप्रेस का शाहगंज तक विस्तार किए जाने की मांग भी की गई है।


यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग

ज्ञापन में स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निम्नलिखित मांगें उठाई गईं— सभी प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्लेटफॉर्म के प्रारंभ एवं अंत में यात्रियों की सुविधा के लिए पैदल पुल का निर्माण कराया जाए। शाहगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर मां जानकीपुरम जंक्शन किया जाए। सभी प्लेटफॉर्म पर कोच इंडिकेटर बोर्ड लगाए जाएं तथा उन्हें नियमित रूप से चालू रखा जाए। सभी प्लेटफॉर्म पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। सभी प्लेटफॉर्म पर टिकट काउंटर की व्यवस्था की जाए। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में एटीएम मशीन स्थापित की जाए।

चार जिलों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने से शाहगंज सहित आसपास के चार जिलों के लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी। ट्रेनों के ठहराव एवं यात्री सुविधाओं में वृद्धि से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी, साथ ही रेलवे के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। देवी प्रसाद चौरसिया ने रेल मंत्रालय से जनहित से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि शाहगंज रेलवे स्टेशन को एक बेहतर एवं सुविधायुक्त रेल केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!