नकदी एवं तमंचे के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार
डाॅ. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से मोटर बिक्री के आठ हजार रुपये, तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गई तीन हॉर्स पावर की मोटर भी बरामद की है। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार सुबह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कम्मरपुर गांव स्थित एक कॉलेज के पास से जय प्रकाश मौर्य उर्फ जेपी पुत्र तीर्थराज मौर्य निवासी शाहमऊ को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से मोटर बिक्री के 8 हजार रुपये नकद, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने समोधपुर गांव से चोरी गई तीन हॉर्स पावर की मोटर भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध सरपतहां थाने में चोरी सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। शाहगंज थाने में भी उसके विरुद्ध पूर्व में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्यवीर यादव, कांस्टेबल पवन यादव, ओम प्रकाश यादव, अनुपम गुप्ता और रिक्रूट कांस्टेबल रामचन्द्र शामिल रहे।
.jpg)






