Jaunpur News: मिशन शक्ति की पहल से पिघली रिश्तों में जमी नाराजगी

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: मिशन शक्ति की पहल से पिघली रिश्तों में जमी नाराजगी


गिले-शिकवे भुलाकर फिर एक हुये पति-पत्नी

राकेश शर्मा

खेतासराय, जौनपुर। रिश्ते जब गलतफहमियों और नाराजगी के बोझ तले दबने लगते हैं तो कभी-कभी संवाद की एक छोटी-सी पहल भी उन्हें नई जिंदगी दे जाती है। शनिवार को खेतासराय थाने में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब मिशन शक्ति टीम की संवेदनशील पहल ने पति-पत्नी के बीच आई दूरियों को मिटाने का रास्ता खोल दिया। लंबे समय से पारिवारिक विवाद में उलझे दंपत्ति ने पुलिस की काउंसिलिंग के बाद गिले-शिकवे भुलाकर फिर से एक साथ जीवन बिताने पर सहमति जताई। इस तरह पिंक समाधान दिवस केवल शिकायतों के निस्तारण का मंच नहीं, बल्कि एक रिश्ते को नई शुरुआत देने का जरिया भी बना।

थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव निवासी आफरीन बानो और उनके पति मोहम्मद नाजिम के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। आपसी मतभेद के चलते दांपत्य जीवन में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। शनिवार को मामला थाने में आयोजित पिंक समाधान दिवस पर पहुंचा। यहां मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। किसी एक पक्ष की बात पर निर्णय लेने के बजाय टीम ने दोनों की भावनाओं और परेशानियों को समझते हुए बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास किया।

काउंसिलिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने दंपती को समझाया कि वैवाहिक जीवन की बुनियाद केवल साथ रहने से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति विश्वास, सम्मान और समझदारी से मजबूत होती है। छोटी-छोटी बातों को मन में दबाए रखने के बजाय आपसी संवाद से सुलझाना ही रिश्तों को टूटने से बचाने का बेहतर रास्ता है। मिशन शक्ति टीम की लगातार समझाइश और बातचीत का सकारात्मक परिणाम सामने आया। दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद दूर कर सुलह-समझौता कर लिया। पति-पत्नी को पुरानी नाराजगी भुलाकर आपसी सम्मान और सामंजस्य के साथ नए सिरे से वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

पिंक समाधान दिवस की यह पहल इस बात का उदाहरण बनी कि पारिवारिक विवादों में संवेदनशील सुनवाई और सार्थक संवाद की कितनी अहम भूमिका होती है। जहां एक ओर पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, वहीं मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं को सुनना और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराना भी महत्वपूर्ण प्रयास है। खेतासराय पुलिस की इस पहल ने संदेश दिया कि रिश्तों में आई हर दूरी स्थायी नहीं होती। जब दोनों पक्ष एक-दूसरे की बात सुनने और समझने को तैयार हों, तो नाराजगी के बीच भी सुलह की गुंजाइश निकल सकती है। इस अवसर पर उपनिरीक्षक रविंन्द्र तिवारी, उपनिरीक्षक लल्लू सिंह, महिला आरक्षी पूजा, महिला आरक्षी शांति, महिला आरक्षी अंशिका साहनी, महिला आरक्षी प्रीति यादव मौजूद रहीं।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!