सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपुर। नगर के सीहीपुर में स्थित सोनानन्दन नीलदीप एकेडमी स्कूल परिसर में विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप सिंह के पिता रामनन्दन सिंह व माता सोनापति देवी की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अनावरण हुआ। इस दौरान विद्यालय के छात्रों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके लोगों का मन मोहा।
बतौर मुख्य अतिथि वाराणसी के पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि माता-पिता की मूर्ति स्थापित कर उनकी स्मृतियों को संजोना भारतीय संस्कृति का सर्वोच्च उदाहरण है। यह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। भारतीय संस्कृति में माता-पिता को ईश्वर से भी बढ़कर माना गया है। उनकी सेवा, सम्मान और स्मृतियों को संजोना ही हमारी असली परंपरा है। आज के भौतिकवादी युग में इस तरह का आयोजन समाज को नई दिशा देता है और युवा पीढ़ी को अपने जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है। मुझे खुशी है कि मैं इस अनूठी और संस्कारवान मुहिम का हिस्सा बना।
विशिष्ट अतिथि बदलापुर विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि अपने माता-पिता के नाम पर मूर्ति स्थापित करके प्रदीप सिंह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगे। माता-पिता ही जीवन के प्रथम गुरु होते हैं, उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। अध्यक्षता कर रहे जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि माता पिता के सम्मान में किया गया कोई भी कार्य समाज को संस्कार व कृतज्ञता का संदेश देता है। प्रधान ट्रस्टी व संचालक प्रदीप सिंह सफायर ने अभ्यागतों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में माता पिता की प्रतिमा स्थापित करने का उद्देश्य बच्चों और आने वाली पीढ़ी में अपने माता पिता औऱ पूर्वजो के प्रति आदर भाव जागृत करना है।
इसके पहले मुख्य अतिथि ने मूर्तियों का अनावरण करने के बाद दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम की शुरुआत किया। इसके बाद विद्यालय के संचालक ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा नेता ओम प्रकाश सिंह, सतीश सिंह, शशिमोहन सिंह क्षेम, ब्लाक प्रमुख विनय सिंह, सजल सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह, दुष्यंत सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, पूर्व चेयरमैन दीपक सिंह, रितुराज सिंह, शशि प्रकाश सिंह, मनोज सिंह सहित तमाम लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन दीपक सिंह ने किया। अन्त में प्रधानाचार्य डा. राज सिंह व उप प्रधानाचार्य रजनीश सिंह ने संयुक्त रूप से सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
.jpg)






