मानसिक स्वास्थ्य के लिये जरूरी है विश्वास एवं संवेदनशीलता: प्रो. सुधा
तनाव को नजरअंदाज न करें, जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से लें परामर्श: डा. क्षितिज
जौनपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में लायन्स क्लब जौनपुर मेन द्वारा कुमुद मदर चाइल्ड नर्सिंग होम के हॉल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम किया गया जहां संस्थाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य वक्ता मेडिकल कॉलेज जौनपुर की प्रोफेसर डॉ. सुधा अजय ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आज की महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता है। मानसिक तनाव से गुजर रहे लोगों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुये उनकी बात सुननी चाहिये और उन्हें सहयोग देना चाहिए। प्रेम, विश्वास और सकारात्मक वातावरण से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सकता है।
इसी क्रम में जीएटी एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा ने कहा कि तनाव, चिंता और अवसाद को नजरअंदाज नहीं करना चाहिये। नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, योग एवं व्यायाम मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने में संकोच नहीं करना चाहिये।
विशिष्ट अतिथि कैप्टन डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही आवश्यक है। परेशानी होने पर परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से बात करनी चाहिये।
इस दौरान प्रो. डॉ. सुधा अजय को स्मृति चिह्न प्रदान करके सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चीफ मो. मुस्तफा, रितेश गुप्ता, वीरेंद्र मौर्य, संजय सिंघानिया, अनिल गुप्ता, योगेश साहू, प्रीति गुप्ता, सुशील अग्रहरी, दिनेश यादव, प्रदीप कुमार सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
.jpg)






