बक्शा, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड के सभागार में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत वन डे डिलीवरी गवर्नेंस, स्वास्थ्य मेला एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन 1 से 5 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अभियान के तहत आयोजित शिविर की अध्यक्षता एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने किया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के प्रथम दिन 224 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि दूसरे दिन 70 लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। शिविर में कुल 70 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य शिक्षा, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), बाल विकास, वन विभाग, लघु सिंचाई, कृषि, पंचायत, विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई और लोगों को सरकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया गया।
खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठायें। इस अवसर पर डॉ. अनुराग, एडीओ एजी अनुराग सिंह, एडीओ पंचायत विजयभान यादव, एडीओ समाज कल्याण संदीप यादव, सचिव लक्ष्मीचंद्र, शेष नारायण मौर्य, महेश तिवारी, गौर गणेश, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर अनीता, शिक्षक प्रज्ञा यादव, वंदना श्रीवास्तव सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
.jpg)





