- गांधी जयन्ती पर सफाईकर्मियों का हुआ सम्मान, स्वच्छता का लिया संकल्प
मो. अरशद
खेतासराय, जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को क्षेत्र में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारती विद्यापीठ स्थित वासुदेव तपेश्वरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या सुनीता मिश्रा ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
छात्राओं ने रंगोली, पेंटिंग, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई। इस मौके पर वरिष्ठ प्रवक्ता सफिया खान, गृह विज्ञान प्रवक्ता विभा पांडेय समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। उधर, सोंधी ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों से गांधीजी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के आदर्शों को अपनाने की अपील की गई। इस अवसर पर एडीओ आईएसबी प्रमोद सिंह, एडीओ कृषि धर्मेंद्र कुमार सरोज, एडीओ पंचायत संजय यादव, सचिव विनोद कुमार यादव, राकेश सिंह, कमलाकांत मौर्य, विजय गौड़ समेत सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
.jpg)






