बृजेश यादव
खुटहन, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गभिरन बाजार में चोरों ने एक ही रात में 3 तीन दुकानों को निशाना बना लिया। चोरों ने किराना, कपड़ा और देशी शराब की दुकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरी से पहले चोरों ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। हैरानी की बात यह है कि जिस देशी शराब की दुकान को निशाना बनाया गया, उससे महज 30 मीटर की दूरी पर पुलिस का पहरा भी रहता है, इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात कर फरार हो गये।
घटना का पता शुक्रवार सुबह चला, जब दुकानदार और सेल्समैन अपनी दुकान खोलने पहुंचे। दुकानों के शटर के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही दुकानदारों ने खुटहन पुलिस को घटना की जानकारी दी और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एक ही बाजार में एक साथ तीन दुकानों में चोरी होने से स्थानीय व्यापारियों में रोष और चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल चोरी में कितने रुपये और कितना माल गायब हुआ है। इसका सही आकलन नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)






