Jaunpur News: निर्वाचक नामावलियों को लेकर डीएम ने की बैठक

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: निर्वाचक नामावलियों को लेकर डीएम ने की बैठक


जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के संबंध में बैठक हुई जहां उन्होंने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए निर्देशित किया कि सभी अधिकारी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण मैनुअल का अनिवार्य रूप से अध्ययन करें। उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बूथ लेवल अधिकारियों को भी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिये।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली की ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को, दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12.11.2026 से 11.12.2026 तक निर्धारित है तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित किया गया है। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जा सके।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं, छूटे हुए मतदाताओं एवं महिलाओं के नाम सम्मिलित किए जाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार) को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

विशेष कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 के साथ उपस्थित रहेंगे। पात्र नागरिकों मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने हेतु अपने नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ कैंप में उपस्थित हों। यदि परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र की संख्या उपलब्ध हो तो उसे भी साथ लेकर आयें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं नागरिकों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!