तीन युवकों पर मारपीट, बाइक क्षतिग्रस्त करने और जानमाल की धमकी का आरोप
विनय शर्मा
डोभी, जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के वाराणसी—आजमगढ़ राजमार्ग गोमती नदी पुल के समीप शुक्रवार दोपहर बाइक सवार जीजा-साले को रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 3 युवकों ने लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। हमले में साले अमित निषाद के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित ने चंदवक थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
केराकत थाना क्षेत्र के बम्बावन गांव निवासी चंद्रशेखर नाविक के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने साले अमित निषाद को बाइक से बलूई गांव स्थित ससुराल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान गोमती नदी पुल के पास तीन युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में चंद्रशेखर और अमित घायल हो गए। अमित के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से जाते समय जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
.jpg)





