दबंगों की दबंगई एवं पालिका की अनदेखी से फसल बर्बाद
संजय शुक्ला
जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर के न्यू कालोनी मुरादगंज में प्रशासनिक उपेक्षा और पड़ोसियों की मनमानी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किसान बीर बहादुर सिंह पुत्र स्व० शिवरतन सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप करके न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि उनकी कृषि भूमि पर जबरन कचरा फेंककर न केवल उनकी फसल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, बल्कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
निजी जमीन बनी कचरा घर, बदबू से खेती करना हुआ मुश्किल
पीड़ित के अनुसार मौजा मुरादगंज स्थित आराजी नं० 593 (क्षेत्रफल 0.1740 हे०) में वे 1/2 अंश के काबिज-मालिक हैं और वर्षों से इस जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। यह प्लाट सनलाइट पब्लिक स्कूल के दक्षिण और माँ तारा हॉस्पिटल के पीछे स्थित है। पीड़ित का आरोप है कि पास के ही रहने वाले विपक्षी (पुष्पा देवी, सत्येन्द्र, चन्द्रेश उर्फ मुन्ना, छत्रसाल, नरेन्द्र यादव और सूर्या) दबंगई के बल पर खेत में पॉलीथिन, गंदा कचरा, टूटे शीशे, ईंट-पत्थर, सड़े कपड़े और पैम्पर्स फेंक देते हैं। इस वजह से खेत में खेती करना पूरी तरह से दूभर हो चुका है और बदबू के कारण स्वास्थ्य पर भी गंभीर संकट मंडरा रहा है।
विरोध करने पर मिली जानमाल की धमकी
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने और उनकी बहन ने कचरा फेंकने से मना किया तो विपक्षी गाली-गलौज और मारपीट पर आमादा हो गए। विपक्षियों ने साफ शब्दों में धमकी दी कि वे कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मार देंगे और पुलिस-नगर पालिका में अपनी पैठ का हवाला देकर बेखौफ घूम रहे हैं। माता-पिता के साए के बिना पीड़ित अकेला इन दबंगों का सामना करने में असमर्थ महसूस कर रहा है।
नगर पालिका की लापरवाही पर उठे सवाल
क्षेत्र नगर पालिका परिषद सदर के अंतर्गत आने के बावजूद यहाँ साफ-सफाई और कचरा निस्तारण की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पूर्व में कई बार नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी व अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र दिया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नगर पालिका द्वारा डंपर या कचरा गाड़ी की व्यवस्था न किए जाने से क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी का अंबार लग रहा है।
जिलाधिकारी से लगायी न्याय की गुहार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने 08 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी जौनपुर के समक्ष उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थना पत्र के माध्यम से निम्नलिखित मांगें की गई हैं: सफाई एवं डंपर की व्यवस्था: नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को आदेशित कर उक्त खेत की तत्काल सफाई करवाई जाए तथा न्यू कालोनी मुरादगंज में कचरा निकासी के लिए डंपर लगवाया जाय। कानूनी कार्रवाई: निजी जमीन में जबरन गंदगी फैलाने, खेती का नुकसान करने और जान से मारने की धमकी देने वाले दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाय। सुरक्षा एवं रोक: विपक्षियों को प्रार्थी के खेत में कचरा फेंकने से सख्ती से रोका जाए ताकि किसान अपनी जमीन पर शांतिपूर्वक खेती कर सके। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कड़ा रुख अपनाता है और पीड़ित किसान को कब तक न्याय मिल पाता है।
.jpg)





