नेपाल की बाढ़ एवं मां गंगा का प्राकट्य पण्डाल बना मुख्य आकर्षण
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। शारदीय नवरात्रि पर क्षेत्र के ताखा चिरैया मोड़ बाजार में स्थापित श्री दुर्गा पूजा समिति युवा सेवा दल बजरंग नगर द्वारा बना पंडाल इस वर्ष पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अध्यात्म कला और आधुनिक तकनीक के बेहतरीन तालमेल के साथ इस बार पंडाल को उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम नीम करौली बाबा का स्वरूप दिया गया है जिसकी भव्यता देखते ही बन रही है।
इस वर्ष पंडाल में केवल धार्मिक मूर्तियां ही नहीं, बल्कि एक बेहद संवेदनशील और सजीव झांकी का भी निर्माण किया गया है। मुख्य आयोजक रामू यादव ने बताया कि इस बार पंडाल के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक विशेष संदेश देने का प्रयास किया गया है। बाढ़ की विभीषिका और आस्था का चमत्कार पंडाल के भीतर प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को नेपाल में आई भीषण बाढ़ का एक जीवंत दृश्य देखने को मिलेगा। पानी के रौद्र रूप और तबाही के बीच किस तरह ईश्वरीय कृपा से एक घर सुरक्षित बच जाता है, इसे बेहद कलात्मक ढंग से दर्शाया गया है। यह दृश्य दर्शकों को झकझोरने के साथ-साथ ईश्वर पर आस्था को और मजबूत करेगा।
गंगा नदी से मां गंगा का प्राकट्य
बाढ़ की इस विभीषिका के ठीक बाद डिजिटल और मैकेनिकल इफेक्ट्स के जरिए पवित्र गंगा नदी का दृश्य सामने आता है जिसमें से साक्षात पतित पावनी माँ गंगा प्रकट होती हैं। माँ गंगा के इस अद्भुत और अलौकिक प्राकट्य दर्शन को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर होने को मजबूर हो जायेंगे।
दर्शन के लिये उमड़ रही भारी भीड़
ताखा चिरैया मोड़ बाजार में बना यह पंडाल अपनी अनूठी थीम और बेहतरीन कारीगरी के कारण सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र और आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस भव्य पंडाल और सजीव झांकी का दीदार करने पहुंच रहे हैं। आयोजक मंडल द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये गये हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो।
.jpg)






