इंग्लिश क्लब में जुटे करीब 8000 अभ्यर्थी, 50 कम्पनियों ने लिया हिस्सा
मुख्य अतिथि अजय राय ने विकेश उपाध्याय की नेक पहल को सराहा
अजय पाण्डेय
जौनपुर। डॉ. रामकृष्ण उपाध्याय पूर्व विधायक एवं भारतीय चिकित्सा परिषद के पूर्व अध्यक्ष की 18वीं पुण्यतिथि पर इंग्लिश क्लब में युवा नेता विकेश उपाध्याय के सौजन्य से भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में करीब 8,000 लोगों की उपस्थिति रही। आयोजन में 50 कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों से जुड़ने का मंच प्रदान किया।
रोजगार मेले का उद्घाटन त्रिभुवन नाथ उपाध्याय पूर्व सूचना अधिकारी ने किया। साथ में डॉ राकेश उपाध्याय और विवेक उपाध्याय भी माैजूद रहे। मेले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार रोजगार मेले के लिए पहले से 7,000 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था जबकि 2,000 अभ्यर्थियों ने मौके पर पहुंचकर ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कराया। बड़ी संख्या में पहुंचे युवक-युवतियों ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संपर्क कर रोजगार की संभावनाएं तलाशीं।
कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुये जिन्होंने रोजगार मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज देश का युवा रोजगार की तलाश में संघर्ष कर रहा है। ऐसे समय में युवाओं को कंपनियों से सीधे जोड़ने और उन्हें रोजगार के अवसरों से परिचित कराने वाले आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। श्री राय ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी का मुद्दा गंभीर बना हुआ है। जहां युवा रोजगार के लिए परेशान हैं, वहीं विकेश उपाध्याय जैसे युवा नेतृत्व की पहल युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ऐसे अवसर चाहिए, जिनसे वे अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा, “युवाओं को रोजगार मिलेगा, तभी उनके परिवारों में खुशहाली आएगी। युवा आत्मनिर्भर होंगे तभी समाज और देश मजबूत होगा। रोजगार मेले जैसे आयोजन युवाओं को नई उम्मीद देने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक पहल हैं।” किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने विकेश उपाध्याय ‘विक्की’ द्वारा आयोजित रोजगार मेले को युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व लोक सेवा अध्यक्ष प्रो. आर.एन. त्रिपाठी, पूर्व मंत्री सत्येंद्र उपाध्याय, सुरेंद्र विक्रम सिंह, जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय, जितेंद्र यादव, डॉ. बी.के. यादव सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
50 कम्पनियों का सहभागिता बना चर्चा का केन्द्र
रोजगार मेले में 50 कंपनियों की सहभागिता और युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन को महत्वपूर्ण बनाया। अभ्यर्थियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर विभिन्न पदों, आवश्यक योग्यताओं और चयन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसरों से परिचित कराना और उन्हें कंपनियों से सीधे संपर्क का मंच उपलब्ध कराना रहा।
विकेश उपाध्याय ने आत्मनिर्भरता के लिये किया सकारात्मक प्रयास
स्व. उपाध्याय की 18वीं पुण्यतिथि पर आयोजित इस रोजगार मेले के माध्यम से उनकी स्मृति को नमन करते हुए युवाओं के भविष्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषय को केंद्र में रखा गया। विकेश उपाध्याय की इस पहल को युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा गया।
.jpg)






