पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने एवं समूह गठन में तेजी लाने के दिये गये निर्देश
बक्शा, जौनपुर। फेमिली आईडी निर्माण एवं स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाकर पात्र परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को कोटेदारों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी एवं संचालन एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि फेमिली आईडी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ग्राम पंचायत स्तर पर पात्र परिवारों को चिन्हित कर उनकी फेमिली आईडी तैयार कराने तथा उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए सचिवों और कोटेदारों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि समूह गठन केवल लक्ष्य और संख्या की पूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका उद्देश्य पात्र परिवारों, विशेषकर महिलाओं को समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक गतिविधियों एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने ग्राम स्तर पर नियमित संपर्क, जागरूकता और पात्र परिवारों की पहचान करने के निर्देश दिये।
इसी क्रम में विजयभान यादव ने बैठक में फेमिली आईडी एवं स्वयं सहायता समूहों के महत्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि दोनों अभियानों को आपस में जोड़कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकता है। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर कोटेदारों और सचिवों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई। खण्ड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना संबंधित कर्मचारी, अधिकारी का प्राथमिक कर्तव्य है। पूर्ति निरीक्षक आशुतोष त्रिपाठी ने समस्त कोटेदारों से दोनों कार्यों में गंभीरता के साथ सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एडीओ एजी अनुराग सिंह, एडीओ पंचायत विजयभान यादव, एडीओ समाज कल्याण संदीप यादव, सचिव गौर गणेश, महेश तिवारी, कमलेश खरवार, शेष नारायण मौर्य, अमित यादव, उमेश सोनकर, शिवम् कुमार सहित समस्त कोटेदार, सचिव आदि उपस्थित रहे।
.jpg)







