Jaunpur News: निष्ठा एवं समर्पण से पूविवि बनेगा 'रोल मॉडल': प्रो. राकेश

Aap Ki Ummid
follow us
Jaunpur News: निष्ठा एवं समर्पण से पूविवि बनेगा 'रोल मॉडल': प्रो. राकेश


संवाद कार्यक्रम में कुलपति ने साझा किया अपना विजन

विरेन्द्र यादव

सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश सिंह ने आर्यभट्ट सभागृह में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में शिक्षकों और कर्मचारियों को संबोधित किया। नियुक्ति के बाद का विश्वविद्यालय परिवार के साथ मंगलवार की देर शाम यह पहला संवाद था। इस दौरान उन्होंने अपना विजन स्पष्ट करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च ग्रेडिंग के साथ स्थापित करना उनका दृढ़ संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का निष्ठापूर्ण सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमें पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा, क्योंकि आज किए गए हमारे उत्कृष्ट कार्यों का सुफल आने वाली पीढ़ियों को प्राप्त होगा। पीयू को एक आदर्श शिक्षण संस्थान बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे देश के अन्य श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में हो रहे नवाचारों और अच्छी पहलों का अध्ययन करें और उन पर चर्चा करें, ताकि उन्हें पीयू की कार्ययोजना में शामिल कर मूर्तरूप दिया जा सके।

कानपुर में आयोजित 'एआई मंथन' के महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख करते हुए कुलपति ने कहा कि हमारे शिक्षकों और कर्मचारियों के भीतर अपार ऊर्जा और क्षमता निहित है। आवश्यकता इस बात की है कि उस ऊर्जा को एक सकारात्मक और सही दिशा में उपयोग किया जाय जिससे विश्वविद्यालय राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतर सके। समाज कल्याण की भावना को रेखांकित करते हुए उन्होंने एक प्रेरणादायक उदाहरण साझा किया। "जिस प्रकार कोई भी वृक्ष अपने फल और छाया का स्वयं उपभोग नहीं करता, बल्कि वह दूसरों के काम आता है; ठीक उसी प्रकार हमें भी अपने कार्यों से सम्पूर्ण समाज का हित करना चाहिए। इसी सेवाभाव और संकल्प के साथ हमें निरंतर आगे बढ़ना है।" कार्यक्रम में डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव ने विश्विद्यालय में होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रम और सेवा संकल्प अभियान की रूप—रेखा रखी।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. देवराज सिंह, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. रवि प्रकाश, प्रो. राजकुमार, प्रो. गिरधर मिश्र, डॉ. विक्रांत भटीजा, डॉ. रसिकेश, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. नृपेंद्र सिंह, डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव और डॉ. अनु त्यागी, डॉ. श्वेता पांडेय, डॉ. राधिका उर्मलिया, ईशानी भारती, कृष्णा सिंह, डॉ. ऋचा सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, कर्मचारी संघ के महामंत्री राधेश्याम मुन्ना, सुशील प्रजापति सहित अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।



ads

ads

ads

ads

ads

ads

ads

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!